हवाई हमले में मारा गया हमास का नया चीफ मोहम्मद सिनवार, इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने संसद में दी जानकारी.
नई दिल्ली। हमास का नया चीफ मोहम्मद सिनवार हवाई हमले में मारा गया है। इसकी पुष्टि इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को संसद में की। संसद में नेतन्याहू ने कहा कि 13 मई को इस्राइली सेना के हवाई हमले में हमास कमांडर मोहम्मद सिनवार मार दिया गया था।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में 18 मई को कई मीडिया रिपोर्ट्स में सिनवार की मौत का दावा किया गया था। इनमें कहा गया था कि इस्राइली सेना की तरफ से किए गए यूरोपियन अस्पताल पर ताबड़तोड़ हवाई हमलों में हमास का स्वयंभू कमांडर मोहम्मद सिनवार मारा गया था। साथ ही इनमें यह भी कहा गया था कि उसका शव 10 अन्य सहयोगियों के साथ खान यूनिस की एक सुरंग से बरामद किया गया था। उसके अलावा, हमले में हमास की राफा ब्रिगेड के कमांडर मोहम्मद शबाना के भी मारे जाने की बात कही गई थी। मोहम्मद हमास नेता याह्या सिनवार का भाई था, जिसे इस्राइली सेना ने पिछले साल अक्टूबर में मार दिया था।
हमास में काफी ताकतवर था सिनवार
साल 1975 में खान यूनिस में एक शरणार्थी कैंप में पैदा हुए सिनवार हमास के अंदर काफी ताकतवर था। अक्टूबर में उसके भाई याह्या की मौत के बाद हमास ने गर्वनिंग काउंसिल बनाई थी ताकि इजरायली सेनाएं उसके नेताओं को निशाना न बना सकें। मोहम्मद इस काउंसिल का अहम नेता बन गया था जो अपने भाई की मौत के बाद इसे मजबूत करने की कोशिशों में लगा हुआ था।