एयरफोर्स चीफ एपी सिंह का खुलासा-ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के पांच एफ-16 और जेएफ-17 फाइटर जेट हुए तबाह.
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान लगातार झूठे दावे करता रहा है। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एपी सिंह ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 4-5 फाइटर जेट मार गिराए थे। इसमें एफ-16 और जेएफ-17 शामिल हैं।
एपी सिंह ने कहा कि पहलगाम हमले के लिए पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ी। हमने 3-4 दिन में जंग पूरी कर ली। दुनिया को भारत से सीख लेनी चाहिए कि युद्ध को कैसे खत्म किया जा सकता है। हमने पाकिस्तानी सीमा के अंदर 200 किलोमीटर तक मार की। हमारी जमीन से मार करने वाली मिसाइल बेहद अचूक और अभेद्य थी। एपी सिंह ने कहा कि इस दौरान पाकिस्तान की आम जनता को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। एपी सिंह ने कहा कि हमारी सेना ने पाकिस्तान के 4-5 फाइटर जेट मार गिराए थे। हमने पाक की मिसाइल प्रणाली को भी नुकसान पहुंचाया। उसके 4 रडार सिस्टम, 2 कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और बड़ी संख्या में एयरफील्ड को नुकसान पहुंचा है. उसके हैंगर्स में खड़े सी-130 को भी तबाह कर दिया।
पाकिस्तान की सोच मनोहर कहानियों की तरह
एपी सिंह ने कहा कि हमें ऑपरेशन सिंदूर से एयर पावर का पता चला, हम कितनी दूर तक मार कर सकते हैं, इसका अंदाजा लगा। एयर पावर की रिलेवेंश बना रहनी चाहिए। मैं सभी देशवासियों को वादा करता हूं कि जब भी भारतीय वायुसेना की जरूरत पड़ेगी, हम अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाएंगे। अगर वे (पाकिस्तान) सोचते हैं कि हमारे 15 फाइटर जेट गिराएं है तो सोचने दो। अगली बार वो हम से लड़ने आएंगे तो ये सोचकर आएंगे कि 15 फाइटर जेट कम लड़ेंगे। उनकी सोच मनोहर कहानियों की तरह है।