अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा-सिर्फ बांग्लादेशियों को देश से निकाल दें तो एसआईआर की जरूरत ही नहीं.
नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने एसआईआर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। तोगड़िया ने कहा कि सरकार सिर्फ भारत में रह रहे तीन करोड़ बांग्लादेशियों को बाहर निकाल दे तो एसआईआर की कोई जरूरत ही नहीं।
राजस्थान के पाली जिले में आयोजित एक समारोह में तोगड़िया ने मीडिया से चर्चा में कहा कि एसआईआर का काम गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में रहने वाले किसी भी वैध नागरिक का नाम वोटर लिस्ट से बाहर नहीं होना चाहिए और साथ ही किसी भी बांग्लादेशी का नाम देश की वोटर लिस्ट में कतई नहीं होना चाहिए। प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि सरकार को भारत की वोटर लिस्ट में शामिल 3 करोड़ बांग्लादेशियों को बाहर निकलने का काम गंभीरता से करना चाहिए। अगर ऐसा हो गया तो फिर एसआईआर की कोई जरूरत ही नहीं पड़ेगी। सोमनाथ मंदिर भटवाड़ा में आयोजित स्वागत समारोह में तोगड़िया ने बेरोजगार युवाओं, किसानों और शिक्षा व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा-युवाओं को रोजगार देने, शिक्षा को सस्ती करने और किसानों को ब्याजमुक्त लोन देने पर गंभीरता से काम होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान तोगड़िया ने लोगों को हर मंगलवार और शनिवार हनुमान चालीसा पाठ करने का आह्वान किया और गौ-रक्षा का संकल्प दिलवाया।