लंदन में गूंजा धर्मेंद्र का नाम: बाफ्टा पुरस्कार समारोह में दिग्गज अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि.
लंदन में गूंजा धर्मेंद्र का नाम: बाफ्टा पुरस्कार समारोह में दिग्गज अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि
लंदन में आयोजित 79 वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार समारोह में भारतीय सिनेमा के दिग्गज दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। यह क्षण हर भारतीय प्रशंसक के लिए बेहद भावुक था, जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्हें उन महान कलाकारों में शामिल किया गया, जिन्होंने पिछले वर्ष दुनिया को अलविदा कहा।
रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित इस भव्य समारोह में फिल्म जगत की दिवंगत हस्तियों को याद करते हुए विशेष ‘इन मेमोरियम’ प्रस्तुति दी गई। मंच पर प्रसिद्ध गायिका जेसी वेयर ने बारबरा स्ट्रीसैंड का मशहूर गीत ‘द वे वी वेयर’ प्रस्तुत किया। इस संगीतमय श्रद्धांजलि के साथ एक वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें बीते वर्ष दिवंगत हुए कलाकारों की झलकियां साझा की गईं।
इस श्रेणी में डायने कीटन, टेरेंस स्टैम्प, कैथरीन ओ’हारा, रॉब रेनर, जीन हैकमैन, रॉबर्ट डुवैल, टॉम स्टॉपर्ड, ब्रिगिट बार्डोट, लाओ शिफ्रिन, माइकल मैडसेन और वैल किल्मर जैसी विश्व प्रसिद्ध हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसी क्रम में भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भी सम्मानपूर्वक याद किया गया।
धर्मेंद्र का निधन पिछले वर्ष 24 नवंबर को मुंबई स्थित उनके आवास पर हुआ था। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और प्रभाव को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली यह श्रद्धांजलि उनके गौरवशाली करियर की एक भावनात्मक स्मृति बन गई।