फिलिस्तीन को मान्यता देने के फ़्रांस के फैसले पर अमेरिका ने जताई सख़्त आपत्ति.
फिलिस्तीन को मान्यता देने के फ़्रांस के फैसले पर अमेरिका ने जताई सख़्त आपत्ति
अमेरिका ने फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा फिलिस्तीन को राष्ट्र के रूप में मान्यता देने के फैसले को सख़्ती से ख़ारिज कर दिया है। अमेरिका का कहना है कि यह कदम हमास के प्रोपेगेंडा को बढ़ावा देगा और क्षेत्र में अस्थिरता पैदा करेगा।

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "संयुक्त राष्ट्र महासभा में फिलिस्तीन को राष्ट्र का दर्जा देने की मैक्रों की योजना को अमेरिका सख़्ती से खारिज करता है। यह गैर-ज़िम्मेदाराना फैसला है जो हमास के प्रोपेगेंडा को मजबूती देता है और 7 अक्तूबर के हमलों के पीड़ितों का अपमान है।

उधर, फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने घोषणा की है कि उनका देश फिलिस्तीन को 2025 के सितंबर महीने में आधिकारिक मान्यता देगा। उन्होंने बताया कि इसकी औपचारिक घोषणा न्यूयॉर्क में होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र के दौरान की जाएगी।

फिलिस्तीन अधिकारियों ने इस कदम का स्वागत किया है, जबकि इजराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह "आतंकवाद को इनाम देने जैसा है।"