निर्माता भी पंडित और अभिनेता भी पंडित फिर भी फिल्म का नाम घूसखोर पंडित; विवाद गहराया: लखनऊ में एफआईआर, मेकर्स और नेटफ्लिक्स को नोटिस.
निर्माता भी पंडित और अभिनेता भी पंडित फिर भी फिल्म का नाम घूसखोर पंडित; विवाद गहराया: लखनऊ में एफआईआर, मेकर्स और नेटफ्लिक्स को नोटिस
नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर चल रहा विवाद अब और तेज हो गया है। मुंबई और भोपाल के बाद अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक इसकी आंच पहुंच गई है। फिल्म के मेकर्स के खिलाफ जहां लखनऊ में मामला दर्ज किया गया है, वहीं फिल्म से जुड़ी संस्थाओं ने भी आपत्ति जताते हुए नोटिस जारी किए हैं।
मनोज बाजपेयी स्टारर इस फिल्म को लेकर हजरतगंज थाने में निर्देशक और पूरी टीम के खिलाफ सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने तथा धार्मिक और जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने या कानून-व्यवस्था भंग करने वाले मामलों में शून्य-सहिष्णुता नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच मुंबई स्थित संगठन फिल्म मेकर्स कंबाइन (एफएमसी) ने भी फिल्म के शीर्षक पर आपत्ति जताते हुए मेकर्स को नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि मेकर्स ने ‘घूसखोर पंडित’ शीर्षक के लिए न तो आवेदन किया और न ही किसी निर्माता संघ से इसकी मंजूरी ली। एफएमसी के नियमों के अनुसार बिना अनुमति इस तरह के शीर्षक का उपयोग नियमों का उल्लंघन है। संगठन ने तत्काल जवाब मांगा है और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
एफएमसी ने इस मामले में स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को भी नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि नीरज पांडे द्वारा निर्मित इस फिल्म के शीर्षक के लिए किसी भी निर्माता संघ से अनुमति नहीं ली गई है, जो नियमों के खिलाफ है। एफएमसी ने नेटफ्लिक्स से अनुरोध किया है कि वह फिल्म के लिए इस शीर्षक का उपयोग तत्काल बंद करे।
फिलहाल, ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में इस पर मेकर्स और प्लेटफॉर्म की प्रतिक्रिया अहम मानी जा रही है।