एशिया कप ट्रॉफी विवाद में मोहसिन नकवी ने भारत से मांगी माफी, लेकिन ट्रॉफी देने से किया इनकार, कहा- यादव खुद आकर ले जाएं.
नई दिल्ली। एशिया कप ट्रॉफी विवाद में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी ने भारत से माफी मांग ली है। उन्होंने एशियन क्रिकेट काउंसिल की मीटिंग में कहा कि हमें अब नई शुरुआत करनी चाहिए। नकवी एशिया कप 2025 के फाइनल मैच के बाद ट्रॉफी अपने साथ लेकर चले गए थे।
नकवी ने एसीसी की बैठक में कहा कि जो हुआ वह नहीं होना चाहिए था, लेकिन अब हमें नई पहल करनी चाहिए। सूर्यकुमार यादव खुद आकर ट्रॉफी ले जाएं। इस पर बीसीसीआई की तरफ से कहा गया कि जब आप उनके सामने थे, तब उन्होंने ट्रॉफी नहीं ली। आपको क्या लगता है कि वह अब आएंगे? दुबई में मंगलवार एसीसी की बैठक हुई थी। इसमें बीसीसीआई ने एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा उठाया। इसके बाद नकवी ने माफी मांग ली है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने फाइनल में पाकिस्तान की हार के बाद नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नकवी ट्रॉफी और मेडल दोनों साथ लेकर चले गए।
अफरीदी ने मांगा नकवी का इस्तीफा
पाकिस्तान में भी नकवी का विरोध शुरू हो गया है। पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने कहा कि उन्हें एक पद छोड़ देना चाहिए। नकवी पीसीबी चीफ होने के साथ-साथ पाकिस्तान के गृहमंत्री भी हैं। अफरीदी ने कहा कि नकवी को एक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. पाकिस्तान क्रिकेट पर इस वक्त ध्यान देने की सख्त जरूरत है।
कीर्ति आजाद ने कहा-ट्रॉफी लेकर कैसे चले गए
पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने कहा कि माफी मांग रहे हैं या नहीं मांग रहे हैं, यह अलग बात है. ट्रॉफी उनकी व्यक्तिगत संपत्ति नहीं थी, वे लेकर कैसे चले गए। ये तो ऐसे हो गया कि आउट हो गए तो बैट और बॉल लेकर चले गए।