विराट कोहली फिर बने आईसीसी वनडे रैंकिंग के नंबर वन बल्लेबाज, रोहित शर्मा तीसरे नंबर पर पहुंचे.
नई दिल्ली। भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में एक बार फिर अपना दबदबा दिखा दिया है। विराट कोहली वनडे की आईसीसी बल्लेबीजी रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। 1,403 दिन के बाद एक बार फिर किंग कोहली वनडे में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं।
आईसीसी ने साल 2026 की पहली रैंकिंग जारी कर दी है। विराट कोहली एक बार फिर नंबर पर काबिज हो गए हैं और रोहित शर्मा पीछे चले गए हैं। भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के बीच आई इस रैंकिंग में कुछ एक बड़े और अहम बदलाव नजर आ रहे हैं। अभी सीरीज जारी है, इसलिए आने वाले वक्त में इसमें और भी परिवर्तन दिखाई देंगे। विराट कोहली आईसीसी की वनडे रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज बन गए हैं। साल 2026 के पहले ही मैच में विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ धमाकेदार 93 रनों की पारी खेली थी, इसका सीधा सीधा फायदा उन्हें मिलता हुआ दिख रहा है। कोहली की रेटिंग अब बढ़कर 785 की हो गई है। वे लंबे अर्से बाद पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा जमाने में कामयाब रहे हैं। उन्हें इस बार एक स्थान का फायदा हुआ है। इससे पहले वे दूसरे नंबर पर थे। इस बीच न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को भी एक स्थान का फायदा मिला है। वे अब 784 की रेटिंग के साथ नंबर दो पर हैं। यानी पहले और दूसरे नंबर के बल्लेबाज के बीच केवल एक ही रेटिंग अंक का अंतर है।
रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर पहुंचे
नंबर वन पर रहे रोहित शर्मा अब नीचे आ गए हैं। रोहित शर्मा सीधे दो स्थान के नुकसान के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। रोहित शर्मा ने साल का पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसमें उनके बल्ले से 29 बॉल पर 26 रनों की पारी आई थी, जो नाकाफी साबित हुई। रोहित शर्मा की रेटिंग अब 775 की हो गई है। जो पहले और दूसरे नंबर के बल्लेबाज से काफी नीचे हैं। अब अगर रोहित को फिर से टॉप करना है तो उसके लिए उन्हें काफी मेहनत करनी होगी। अगली रेटिंग जब आएगी, तब तक भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज समाप्त हो चुकी होगी। दो मैचों में जिस तरह का प्रदर्शन ये खिलाड़ी करेंगे, उसके आधार पर रैंकिंग और रेटिंग आएगी।