केकेआर पर लीगल एक्शन से पीछे हटे तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान .
केकेआर पर लीगल एक्शन से पीछे हटे तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान केकेआर से रिलीज करने के मामले पर बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन (CWAB) के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि केकेआर के ख़िलाफ संभावित कानूनी या प्रशासनिक लड़ाई पर विचार किया गया था, लेकिन खुद मुस्तफिजुर रहमान के कहने पर ऐसा नहीं किया गया।
मिथुन के मुताबिक, मुस्तफिजुर ने केकेआर के ख़िलाफ किसी भी तरह की लीगल कार्रवाई करने से साफ मना कर दिया। 30 वर्षीय मुस्तफिजुर रहमान ने साल 2016 में आईपीएल में डेब्यू किया था और तब से अब तक वह लीग में 60 मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 8.13 की इकॉनमी से गेंदबाज़ी करते हुए कुल 65 विकेट अपने नाम किए हैं।
भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा तनाव का असर क्रिकेट तक पहुंच गया था । इसी वजह से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से रिलीज कर दिया गया था । इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।
बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा को लेकर भारत में केकेआर फ्रेंचाइजी के ख़िलाफ़ विरोध शुरू हो गया था । बढ़ते विवाद को देखते हुए बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया था , जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का फैसला लिया था ।