बांग्लादेश क्रिकेट के लिए राहत की खबर: महिला टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टिकट किया पक्का.
बांग्लादेश क्रिकेट के लिए राहत की खबर: महिला टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टिकट किया पक्का
बांग्लादेश क्रिकेट के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हाल के हफ्तों में पुरुष टीम को लेकर निराशा झेल चुके बांग्लादेशी फैंस के लिए अब जश्न का मौका है, क्योंकि बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
सुपर-6 मुकाबले में बांग्लादेश ने थाईलैंड को 39 रनों से हराकर वर्ल्ड कप का टिकट पक्का किया। यह टूर्नामेंट इस साल इंग्लैंड में खेला जाएगा। पुरुष टीम के टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद यह जीत बांग्लादेश क्रिकेट के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
गौरतलब है कि हाल ही में बांग्लादेश पुरुष टीम को भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर विवाद के चलते टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था, जिसके बाद उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। इस फैसले से फैंस काफी मायूस थे, लेकिन अब महिला टीम की सफलता ने माहौल बदल दिया है।
बांग्लादेश के साथ-साथ नीदरलैंड महिला टीम ने भी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया है। खास बात यह है कि नीदरलैंड पहली बार महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी, जो उनके क्रिकेट इतिहास का एक बड़ा पल है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 12 जून से 5 जुलाई तक किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें से 8 टीमें टी20 वर्ल्ड कप 2024 और आईसीसी रैंकिंग के आधार पर पहले ही क्वालीफाई कर चुकी थीं, जबकि 4 टीमें क्वालीफायर के जरिए जगह बनाएंगी। फिलहाल 10 टीमों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 2 स्थान अभी बाकी हैं।
टूर्नामेंट में सभी 12 टीमों को दो ग्रुप्स (6-6) में बांटा जाएगा।
ग्रुप A में भारत और पाकिस्तान के साथ ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।
वहीं ग्रुप B में इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज की टीमें होंगी।