छत्तीसगढ़ के जशपुर में खड़े ट्रेलर में टकराई तेज रफ्तार कार, पांच लोगों की मौत.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एनएच-43 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार कार के खड़े ट्रेलर से टकरा जाने से पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शनिवार तड़के दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली के पास हुआ, जब सभी युवक एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और पांचों युवकों की जान चली गई।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली गांव के पास हुई। कार में सवार लोग मनोरा के पास एक मेले में ऑर्केस्ट्रा शो देखने के बाद अपने पैतृक स्थान खटंगा लौट रहे थे। दुलदुला थाना प्रभारी केके साहू ने बताया कि कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुलदुला थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
इन लोगों की हुई है मौत
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रामप्रसाद यादव (26), उदय कुमार चौहान (18), सागर टिर्की (22), दीपक प्रधान (19) और अंकित तिग्गा (17) के रूप में हुई है। ये सभी खटंगा निवासी थे। पुलिस के अनुसार ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।