सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर मार्केट में हाहाकार, सेंसेक्स 770 अंक टूटा, निफ्टी 241 प्वाइंट लुढ़का.
मुंबई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार 23 जनवरी को शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 769.67 अंक की गिरावट के साथ 81,537.70 के स्तर पर और निफ्टी 241.25 अंक टूटकर 25,048.65 पर बंद हुआ।
शुक्रवार को सेंसेक्स के 30 में से ज्यादातर शेयर लाल निशान पर बंद हुए। सबसे ज्यादा बिकवाली अदानी पोर्ट्स, इटरनल, इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक और पावर ग्रिड के स्टॉक में देखने को मिली है। निफ्टी के प्रमुख नुकसान वाले शेयरों में अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट्स, इटरनल, इंटरग्लोब एविएशन और सिप्ला शामिल रहे। वहीं, डॉ. रेड्डीज लैब्स, टेक महिंद्रा, ओएनजीसी, हिंडाल्को और एचयूएल बढ़त के साथ बंद हुए। सेक्टोरल फ्रंट पर सभी सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। कैपिटल गुड्स, पावर, रियल्टी, पीएसयू बैंक और मीडिया सेक्टर में 2 से 3 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.5 प्रतिशत टूटा, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स में 2 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।
शुक्रवार को दोपहर के कारोबार में एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड, इंडिगो और इटरनल जैसे बड़े शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। इन शेयरों में करीब 2% से लेकर 6% से अधिक तक का नुकसान हुआ, जिससे बाजार की धारणा कमजोर हुई। अडाणी समूह के शेयरों में 13 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली। ऑटो, मीडिया, फाइनेंशियल, रियल्टी और ऑयल एंड गैस जैसे कई सेक्टरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। खासकर रियल्टी सेक्टर में 2% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई, जिसने बाजार की कमजोरी को और बढ़ाया। निफ्टी 50 की कंपनियों में सबसे ज़्यादा 1.49 प्रतिशत की बढ़त डॉ. रेड्डीज़ में देखने को मिली। इसके बाद, टेक महिंद्रा में 0.82 प्रतिशत की बढ़त, हिंदुस्तान यूनिलिवर लिमिटेड में 0.80 प्रतिशत की बढ़त, हिंडाल्को में 0.62 प्रतिशत की बढ़त और ओएनजीसी में 0.60 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली। निफ्टी 50 की कंपनियों में सबसे ज़्यादा नुकसान अडानी एंटरप्राइजेज को हुआ जिसमें 10.65 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इसके बाद, अडानी पोर्ट्स में 7.49 प्रतिशत की गिरावट, इटरनल में 6.24 प्रतिशत की गिरावट, इंटरग्लोब में 4.17 प्रतिशत की गिरावट, सिप्ला में 4.05 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।