सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को शेयर बाजार में हरियाली, सेंसेक्स और निफ्टी ने लगाई छलांग, निवेशकों के चेहरे खिले.
मुंबई। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को शेयर बाजार की रौनक लौट आई। बाजार खुलने के थोड़ी ही देर बाद सेंसेक्स 631.39 अंक की बढ़त के साथ 82,541.02 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 157.20 अंक की तेजी के साथ 25,314.70 के स्तर पर पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से शेयर बाजार लगातार गिरावट में था, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। पिछले तीन दिनों में शेयर बाजार बुरी तरह टूटा था। बुधवार को जब बाजार बंद हुआ था, तब सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट देखी गई थी। बुधवार को सेंसेक्स 270 अंक गिरकर 81,909 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 75 अंक गिरा, ये 25,157 के स्तर पर बंद हुआ था। सिर्फ तीन दिनों में निवेशकों के करीब 14 लाख करोड़ रुपये डूब गए। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों की कुल वैल्यू गिरकर 454 लाख करोड़ रुपये से नीचे आ गई थी।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में तेजी और सिर्फ 2 में गिरावट देखने को मिल रही है। जोमैटो, एशियन पेंट्स और SBI के शेयरों में 4% तक की तेजी देखने को मिल रही है। सेक्टोरल आधार पर बैंकिंग, आईटी और फार्मा शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। आज के कारोबार में जिन शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रही, उनमें इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, बायोकॉन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड, सीईएससी और इटरनल जैसे स्टॉक्स शामिल रहे। आज सभी सेक्टोरल इंडेक्स में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। ऑटो, आईटी, मीडिया, मेटल सेक्टर्स 1 फीसदी से ज्यादा उछल गए हैं। निफ्टी में इटरनल, डॉ रेड्डी लैब, एशियन पेंट्स अडानी एंटरप्राइजेज में तेजी दिख रही है। इसके विपरित नेस्ले, अल्ट्राटेक सीमेंट, मैक्स हैल्थकेयर, एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट दिखाई दी।