सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन लाल निशान में बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 345 अंक टूटा, निफ्टी 96 अंक नीचे आया.
मुंबई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार लाल निशान में बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 345 अंक टूटकर 84,212 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 96 अंक गिरकर 25,795 पर आ गया।
शुक्रवार को सेंसेक्स 110 अंकों की तेजी के साथ 84,667.23 के लेवल पर खुला, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 43 अंक चढ़कर 25,935.10 के लेवल पर खुला था। शुक्रवार के कारोबार में भारती एयरटेल के शेयरों में 0.95% और आईसीआईसीआई के शेयरों में 0.88% की मजबूती दर्ज की गई है। इसके बाद बीईएल के शेयर 0.84% बढ़कर बंद हुए, जबकि सनफार्मा में 0.63% का उछाल दर्ज किया गया है। वहीं, आईटीसी के शेयरों ने 0.30% की बढ़त हासिल की है। इसके विपरित निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी फार्मा, निफ्टी ऑटो और निफ्टी आईटी इंडेक्स में दबाव देखने को मिला। आज के ट्रेडिंग सेशन में सेंसेक्स पैक से सबसे अधिक गिरावट हिंदुस्तान यूनिलिवर लिमिटेड के शेयरों में आई। इसके बाद अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में 1.92% की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 1.72% और टाइटन कंपनी के शेयर 1.57% नीचे जाकर बंद हुए।