शेयर बाजार ने भी वर्ष 2025 को दी जोरदार विदाई, साल के आखिरी दिन सेंसेक्स 546 और निफ्टी 191 अंकों की बढ़त के साथ बंद.
मुंबई। पूरा देश आज वर्ष 2025 को विदाई दे रहा है। ऐसे में शेयर बाजार कैसे पीछे रहता। आज बुधवार 31 दिसंबर को शेयर बाजार जोरदार तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 545.52 अंकों की तेजी के साथ 85,220.60 अंकों पर और एनएसई निफ्टी 190.75 अंकों की बढ़त के साथ 26,129.60 अंकों पर बंद हुआ। ब
बुधवार के कारोबार में एक समय सेंसेक्स 700 से भी ज्यादा अंकों की तेजी के साथ 85,437.17 अंकों तक पहुंच गया था और निफ्टी 50 भी आज 26,187.95 अंकों तक पहुंचा था। बुधवार को सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर हरे निशान में, जबकि 5 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुए। इधर, निफ्टी 50 की 50 में से 44 कंपनियों के शेयर हरे निशान में और 6 कंपनियों के शेयर नुकसान लाल निशान में बंद हुए। आज सेंसेक्स में टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा 2.45 प्रतिशत की बढ़त लेकर बंद हुए, वहीं टीसीएस के शेयर में सबसे ज्यादा 1.29 प्रतिशत की गिरावट नजर आई। सेंसेक्स की बाकी कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, टाइटन, टाटा मोटर्स, ट्रेंट, पावरग्रिड, बीईएल, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एसबीआई, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, आईटीसी, एचसीएल टेक, अडाणी पोर्ट्स, एटरनल, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में तेजी रही। इसके विपरित टेक महिंद्रा, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस और सन फार्मा के शेयरों में गिरावट रही।