अब बहुत जल्द घर के ड्राइंगरूम में देख पाएंगे सलमान खान की सिकंदर, ओटीटी पर रिलीज की खबर आई सामने.
मुंबई। 30 मार्च को रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म सिकंदर बॉक्स ऑफिस पर कोई चमत्कार नहीं कर पाई। अब बहुत जल्द ही आप इसे अपने ड्राइंगरूम में टीवी पर देख पाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म जल्द ही ओटीटी प्लेटफार्म नेटफ्लिक्स पर नजर आने वाली है।
सलमान खान स्टारर एक्शन-थ्रिलर फिल्म सिकंदर का डिजिटल स्ट्रीमिंग पार्टनर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फिल्म बहुत जल्द नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार हैं। बॉक्स ऑफिस रिलीज के 6 से 8 हफ्ते के बाद फिल्में ओटीटी पर आती हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि सिकंदर 11 मई से 25 मई के बीच नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो सकती है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के लिए मेकर्स ने नेटफ्लिक्स से 85 करोड़ रुपए की मोटी रकम वसूली है। फिल्म का बजट 200 करोड़ रुपए है। एआर मुर्गदास के डायरेक्शन में बनी फिल्म सिकंदर ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर एक हफ्ते में करीब 100 करोड़ कमा लिए हैं। सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म ने 97.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। वहीं वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर सिकंदर के 187 करोड़ रुपए का कारोबार करने की खबर है। सिकंदर में सलमान खान के साथ रश्मिका मंदाना लीड रोल में हैं। इसके अलावा शरमन जोशी, सत्यराज, अंजिनी धवन और प्रतीक बब्बर भी फिल्म में नजर आ रहे हैं।