बॉर्डर 2 की जबरदस्त सफलता के बाद अब बॉर्डर 3 की तैयारी, निर्माता भूषण कुमार ने बताई संभावना.
मुंबई। सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 पिछले हफ्ते 23 जनवरी को रिलीज हुई थी। रिलीज के साथ ही इसने सफलता के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। तीन दिनों के अंदर ही फिल्म ने दुनियाभर में 167 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसकी सफलता को देखते हुए इसके निर्माता अब बॉर्डर 3 की पर विचार कर रहे हैं।
निर्माता भूषण कुमार ने एक मीडिया संस्थान से बातचीत में कहा है कि बॉर्डर 3 जरूर बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘बॉर्डर’ एक बहुत बड़ी फ्रेंचाइजी है और करीब 30 साल बाद इस कहानी को फिर से जो प्यार मिला है उसने आगे बढ़ने का रास्ता साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए थोड़ा सही वक्त आने का इंतजार करना होगा। भूषण कुमार ने यह भी साफ कर दिया है कि बॉर्डर 3 उनकी अगली फिल्म नहीं होगी। उन्होंने बताया कि ‘बॉर्डर 2’ से पहले वो और निर्देशक अनुराग सिंह एक दूसरे प्रोजेक्ट पर काम करने वाले थे जिसे अब पहले पूरा किया जाएगा।
बॉर्डर 2 टी-सीरीज और निर्देशक अनुराग सिंह की पहली साझेदारी है और ये जोड़ी लोगों को काफी पसंद आ रही है। भूषण कुमार ने बताया कि वो और अनुराग पहले उसी पुराने प्रोजेक्ट को पूरा करेंगे जिस पर पहले चर्चा हो चुकी थी। ये एक जॉइंट वेंचर होगा और उसके बाद ही दोनों दोबारा ‘बॉर्डर’ की दुनिया में लौटेंगे। इससे साफ है कि मेकर्स बिना जल्दबाजी के इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाना चाहते हैं।