बेटी के साथ दुबई में फंसी हैं एक्ट्रेस लारा दत्ता, सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दी जानकारी.
मुंबई। मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच एक्ट्रेस लारा दत्ता अपनी बेटी के साथ दुबई में फंसी हुई हैं। लारा दत्ता ने बताया है कि वो इन दिनों अपनी बेटी सायरा के साथ दुबई में फंसी हुई हैं। उन्होंने बताया कि अचानक उन्हें धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं और आसमान में मिसाइलों को जाता देखा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिन काफी तनाव भरे रहे हैं।
लारा दत्ता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बीते कुछ दिनों के अपने अनुभव बताए। उन्होंने बताया कि हालात भले ही तनावपूर्ण रहे हों, लेकिन उन्हें वहां सुरक्षित महसूस हुआ। लारा ने वीडियो में कहा कि मैं आमतौर पर ऐसी चीजें पोस्ट करना पसंद नहीं करती। उन्होंने बताया कि ये वीडियो उन्होंने इसलिए शेयर किया ताकि पिछले कुछ तनाव भरे दिनों की घबराहट थोड़ी कम हो सके। उन्होंने कहा कि जब यह सब शुरू हुआ, तब वह शूटिंग कर रही थीं। अचानक उन्हें जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। आसमान में मिसाइलों को रोका जा रहा था और फाइटर जेट्स लगातार उड़ रहे थे। यह सब कुछ बेहद अचानक और डराने वाला था। उन्होंने वीडियो में कहा कि पिछले कुछ दिन से यहां काफी तनाव है। मैं एक सुरक्षित इलाके में हूं, लेकिन तेज धमाकों की वजह से खिड़कियां हिल रही हैं। ये धमाके इतने जोरदार हैं कि दरवाजे तक कांप उठते हैं। इसके बावजूद मुझे एक बार भी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि मैं असुरक्षित हूं। लारा ने संयुक्त अरब अमीरात की सरकार की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रशासन ने हर निवासी का पूरा ध्यान रखा है।