बिहार में पीएम मोदी का राजद पर हमला, कहा-पिता का नाम लेने में क्यों आ रही है शर्म .
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बिहार के सहरसा और कटिहार में सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने राजद पर जमकर हमला बोल। पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के पोस्टर्स को देखिए, वो (लालू यादव) वर्षों यहां के मुख्यमंत्री रहे, जो बिहार में जंगलराज लाए, उनकी तस्वीरें या तो पोस्टर्स में गायब हैं या छोटी सी लगी है, जो दूरबीन से भी नहीं दिखती। अपने पिता का नाम लेने में शर्म क्यों आ रही है? कौन सा पाप है, जिसे आरजेडी वालों को बिहार के नौजवानों से छिपाना पड़ रहा है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो बिहारियों को प्रताड़ित करते हैं, जो बिहारियों को गालियां देते हैं, उनको कांग्रेस ने प्रचार के लिए बुलाया ताकि आरजेडी को आपके गुस्से का सामना करना पड़े। कांग्रेस जानती है कि अगर इस बार भी आरजेडी हार गई तो उसकी राजनीति खत्म हो जाएगी और कांग्रेस उसके (आरजेडी) वोट बैंक पर कब्जा कर लेगी। पीएम मोदी ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में कांग्रेस के नेताओं से बिहार के लोगों के लिए जानबूझकर अपमानजनक बातें बुलवाई जा रही हैं। केरल के कांग्रेस नेता ने बिहार के लोगों की तुलना बीड़ी से कर दी, ये भी कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा है।
विपक्ष को कट्टा और कट्टरपंथी पसंद
पीएम मोदी ने कहा कि ये लोग वोट पाने के लिए सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहें हैं। आपके हक का अनाज वे घुसपैठियों को देना चाहते हैं। भारत के संसाधनों पर सिर्फ यहां के नागरिकों का हक है, लेकिन कांग्रेस और राजद के लोगों को कट्टा और कट्टरपंथी ही पसंद है।
डबल इंजन सरकार के फायदे गिनाए
पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन की एनडीए सरकार का बहुत बड़ा फायदा है कि दिल्ली और पटना से निकला एक-एक रुपया सीधे आपके खाते तक पहुंचता है। कोई चोर लुटेरे लूट नहीं सकते। वरना यहां एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है और दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। ये राजद और कांग्रेस वाले आपके हक का पैसा आप तक पहुंचने ही नहीं देते। ये आपके हक का पैसा भी लूट लेते।