मोकामा हत्याकांड पर चुनाव आयोग सख्त, एसपी सहित चार अफसरों पर एक्शन, एक एसडीओपी को किया निलंबित.
पटना। मोकामा में जदयू उम्मीदवार बाहुबली अनंत सिंह के जनसंपर्क के दौरान हुई दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में चुनाव आयोग ने अब सख्ती दिखाई है। चुनाव आयोग ने एसडीओ चंदन कुमार और दो एसडीओपी का तबादला कर दिया है। इसके साथ ही तीनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी आदेश दिया है। इस मामले में चुनाव आयोग ने बिहार पुलिस के ग्रामीण एसपी का भी ट्रांसफर किया है। आयोग ने सीईओ से 2 नवंबर दोपहर 12 बजे तक रिपोर्ट देने को कहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में बाढ़ के एसडीओ चंदन कुमार को हटा दिया गया है। इनकी जगह पर 2022 बैच के आईएएस अधिकारी आशीष कुमार को भेजा गया है। बाढ़ के एसडीओपी-1 राकेश कुमार को भी हटा दिया है। इनके स्थान पर सीआईडी के डीएसपी आनंद कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सबसे बड़ी कार्रवाई बाढ़ के एसडीओपी-2 अभिषेक सिंह के ऊपर करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। इनकी जगह पर एटीएस में तैनात डीएसपी आयुष श्रीवास्तव को भेजा गया है। चुनाव आयोग ने पटना के ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग को भी हटाने का आदेश जारी किया है। उल्लेखनीय है कि मोकामा के टाल क्षेत्र में जदयू उम्मीदवार बाहुबली अनंत सिंह के जनसंपर्क के दौरान जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी। इसके बाद से बिहार में राजनीतिक माहौल गर्म है।
पोस्टमोर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
दुलारचंद की पोस्टमोर्टम रिपोर्ट में कई बड़े खुलासे हुए है। इसमें बताया कि दुलारचंद यादव का अनुमंडलीय अस्पताल में तीन सदस्यीय टीम के द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। इस टीम में डॉ अजय कुमार, डॉ रोहन और डॉ दिलीप शामिल थे। दुलारचंद यादव के अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करने वाले डॉ अजय कुमार ने बताया था कि दुलारचंद यादव की पोस्टमोर्टम रिपोर्ट में जो बात सामने आई वह यह है कि उन्हें अंदरूनी चोट थी। बाएं पैर में गोली लगी है, लेकिन उस गोली से मौत नहीं हो सकती। गोली ठेहुना के आर-पार हो गई थी। पूरे शरीर में चोट लगी थी। सीने में भी चोट थी। 10-12 एक्स रे भी किया गया है, जिसका रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
अनंत सिंह ने लगाया सूरजभान पर आरोप
घटना के संबंध में बाहुबली अनंत सिंह ने बताया था कि ये तब हुआ था जब हमलोग टाल पर वोट मांग रहे थे। इस दौरान हमने देखा कि रास्ते में लगभग 100-150 गाड़ियां (जन सुराज) खड़ी हैं। मुझे देखकर वे लोग मुर्दाबाद-मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे, लेकिन हमलोगों ने इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हमलोग लगभग 40 गाड़ियों से आगे बढ़ते गये। इसी बाच जब हमारी लगभग 10 गाड़ियां गुजारनी शेष थी, तभी हमारे समर्थकों के साथ उन लोगों ने मारपीट करना शुरू कर दिया। हमारी गाड़ियों में तोड़-फोड़ करने लगे। उन्होंने कहा कि सबसे पहले दुलारचंद ने ही हाथ चलाया, जिसके बाद यह घटना हुई। इस दौरान अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह पर भी आरोप लगाते हुए कहा था कि वह चाहता ही था कि किसी तरह का झगड़ा हो जाय, ताकि चुनावी माहौल खराब हो सके।
जन सुराज ने अनत सिंह पर हत्या का आरोप
प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप जदयू प्रत्याशी बाहुबली अनंत सिंह पर लगाया था । पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि इस घटना को लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या करार दिया था। इधर, मोकामा विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी वीणा देवी के पति बाहुबली सूरजभान सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे लोकतंत्र का हनन बताते हुए कहा कि चुनाव आयोग इस मामले की जांच करा ले।