बिहार में बोले असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, ये राम सीता का देश है, लादेन का नहीं, शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा पर साधा निशाना.
सिवान। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बाहुबली शहाबुद्दीन के गढ़ में उनके बेटे और राजद उम्मीदवार ओसामा शहाब पर जमकर निशाना साधा। सभा के दौरान सरमा ने स्थानीय नेता और आरजेडी प्रत्याशी ओसामा शहाब का नाम लिए बिना उनकी तुलना ओसामा बिन लादेन से कर दी और कहा कि इस देश के जितने भी ओसामा हैं, सबको एक-एक करके खत्म करना है।
असम के सीएम ने कहा कि यह देश राम-सीता का देश है और कभी भी ओसामा बिन लादेन जैसा किसी का वर्चस्व नहीं मान्य होगा। असम में मां कामख्या हैं, माई का आशीर्वाद यहां भी बना रहे। रघुनाथपुर नाम ही शुभ है और यह भूमि देश के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र बाबू की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी ने यहां भेजा, मैंने सोचा राम-सीता मिलेंगे, लेकिन लोगों ने कहा ओसामा भी है। मैंने पूछा, ओसामा बिन लादेन तो गया, अब ये कौन है? लोगों ने कहा, वैसा ही छोटा ओसामा है। इसलिए इस चुनाव में हमें ऐसे ओसामा को खत्म करना होगा।
सीएम सरमा ने कहा कि पिता का नाम शहाबुद्दीन था, जिसने मर्डर में गिनीज रिकॉर्ड बनाया। अगर इसे यहीं नहीं रोका गया तो ये पूरे देश में फैल जाएगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार नहीं है। राहुल गांधी ने इनके लिए यात्रा निकाली थी, लेकिन बिहार की वोटर लिस्ट से ऐसे घुसपैठियों को बाहर कर दिया गया है।