जर्मनी में ट्रेन हादसा: तीन की मौत, कई घायल, तूफ़ान के बाद हुई दुर्घटना.
जर्मनी में ट्रेन हादसा: तीन की मौत, कई घायल, तूफ़ान के बाद हुई दुर्घटना
जर्मनी के दक्षिण-पश्चिम इलाके में एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया है, जिसमें एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना श्टुटगार्ट के पास रीटलिंगेन में "अज्ञात कारणों" से हुई। हालांकि, स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे से कुछ ही समय पहले इस क्षेत्र में तेज़ तूफ़ान आया था, जो हादसे का संभावित कारण हो सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ट्रेन में लगभग 100 यात्री सवार थे। हादसा स्थानीय समयानुसार शाम 6:10 बजे एक जंगली इलाके में हुआ, जहां ट्रेन के कम से कम दो डिब्बे पटरी से उतर गए।
घटनास्थल से मिली तस्वीरों में ट्रेन के डिब्बे पलटे हुए नज़र आ रहे हैं और भारी संख्या में आपातकालीन टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
जर्मनी के चांसलर फ़्रिड्रिख मर्त्ज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे पर गहरा शोक जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वे गृह मंत्री और परिवहन मंत्री के लगातार संपर्क में हैं और सभी आवश्यक आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।