कनाडा में स्कूल शूटिंग से हड़कंप: ब्रिटिश कोलंबिया के हाई स्कूल में फायरिंग, 10 की मौत.
कनाडा में स्कूल शूटिंग से हड़कंप: ब्रिटिश कोलंबिया के हाई स्कूल में फायरिंग, 10 की मौत
कनाडाई पुलिस ने ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई भीषण गोलीबारी की पुष्टि की है। इस दर्दनाक घटना में कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक संदिग्ध हमलावर भी शामिल है, जिसे पुलिस ने मार गिराया।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के अनुसार, यह फायरिंग ब्रिटिश कोलंबिया के पीस क्षेत्र में हुई। पुलिस ने बताया कि स्कूल परिसर में नौ लोगों की मौत हुई, जबकि हमलावर को भी मौके पर ढेर कर दिया गया। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही और जानकारी साझा की जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना में छह लोगों के शव हाई स्कूल के अंदर से बरामद किए गए, जबकि दो अन्य शव एक घर में पाए गए, जिसे पुलिस इस घटना से जुड़ा मान रही है। इसके अलावा एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। संदिग्ध शूटर की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने यह भी बताया कि एक स्थानीय मेडिकल सेंटर में 25 अन्य लोगों की चोटों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और स्थानीय समुदाय में शोक और दहशत का माहौल है।