भारत–अमेरिका ट्रेड डील के बीच पाकिस्तान को बड़ा झटका: अमेरिकी नक्शे में पूरा जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा, पीओके भी शामिल.
भारत–अमेरिका ट्रेड डील के बीच पाकिस्तान को बड़ा झटका: अमेरिकी नक्शे में पूरा जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा, पीओके भी शामिल
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड समझौते को लेकर सहमति बन चुकी है और दोनों देशों ने इस पर आधिकारिक बयान भी जारी किए हैं। लेकिन इस बीच पाकिस्तान को एक बड़ा कूटनीतिक झटका लगा है। अमेरिका ने अपने आधिकारिक दस्तावेज में जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह भारत का हिस्सा दर्शाया है, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) भी शामिल है।
दरअसल, यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) के कार्यालय ने भारत–अमेरिका ट्रेड डील से जुड़े एक पोस्ट के साथ भारत का नक्शा जारी किया है। इस नक्शे में पूरे जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा दिखाया गया है। खास बात यह है कि इसमें न तो लाइन ऑफ कंट्रोल दिखाई गई है और न ही किसी तरह का विवादित सीमांकन किया गया है।
अमेरिकी ट्रेड डिपार्टमेंट की ओर से जारी इस नक्शे में साफ तौर पर जम्मू-कश्मीर का पूरा क्षेत्र भारत के अंतर्गत दर्शाया गया है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अहम संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
USTR ने अपने पोस्ट में भारत–अमेरिका अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क का ज़िक्र करते हुए कहा कि इस समझौते से अमेरिकी उत्पादों के लिए भारत में नए बाज़ार खुलेंगे। पोस्ट में लिखा गया,
“ट्री नट्स और सूखे डिस्टिलर्स ग्रेन से लेकर लाल ज्वार और ताजे व प्रोसेस्ड फलों तक, अमेरिका–भारत एग्रीमेंट अमेरिकी प्रोडक्ट्स के लिए नए मार्केट एक्सेस प्रदान करेगा।”
हालांकि, इस पोस्ट में ट्रेड डील की जानकारी से ज़्यादा ध्यान उस नक्शे ने खींचा, जिसमें जम्मू-कश्मीर और पीओके को बिना किसी विवाद के भारत का हिस्सा दिखाया गया है। इसे भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक जीत और पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।