भारत से चीन के शंघाई के बीच 9 नवंबर से फ्लाइट, चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने की तारीख की घोषणा.
नई दिल्ली। चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस 9 नवंबर 2025 से शंघाई और नई दिल्ली के बीच राउंड-ट्रिप विमान फिर से शुरू करने की तैयारी में है। यह फ्लाइट हर बुधवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। इस यात्रा के लिए एयरबस A330-200 वाइड-बॉडी विमान का इस्तेमाल होगा। यह लंबी दूरी की यात्रा के लिए आरामदायक है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की फ्लाइट MU563 शंघाई से दोपहर 12:50 बजे रवाना होगी और दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शाम 5:45 बजे पहुंचेगी। यही फ्लाइट MU564 दिल्ली से रात 7:55 बजे चलेगी और अगली सुबह 4:10 बजे शंघाई पहुंचेगी। इस फ्लाइट के लिए टिकटों की बिक्री भी शुरू हो गई है।
पीएम मोदी की यात्रा के बाद आगे बढ़ी थी बात
उल्लेखनीय है कि अगस्त में तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दोनों देशों के चुनिंदा शहरों के बीच फिर से डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने की घोषणा की थी।
26 अक्टूबर से इंडिगो की भी फ्लाइट
इंडिगो ने 26 अक्टूबर से कोलकाता से चीन के गुआंगझोउ के लिए दैनिक उड़ानें शुरू करने की घोषणा की थी। इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने बताया था कि हम भारत और चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट की बहाली की घोषणा करते हुए बेहद उत्साहित हैं। हमें गर्व है कि हम दो शहरों से चीन के लिए डायरेक्ट फ्लाइट्स शुरू करने वाली पहली एयरलाइन में शामिल हैं।