सऊदी अरब के आसमान में ड्रोन हमला नाकाम, 18 ड्रोन मार गिराए गए.
सऊदी अरब के आसमान में ड्रोन हमला नाकाम, 18 ड्रोन मार गिराए गए
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि देश के पूर्वी इलाके में 18 ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया गया। सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में कई संदिग्ध ड्रोन को रास्ते में ही रोककर नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि ये ड्रोन किस देश या संगठन की ओर से भेजे गए थे। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
इसी दौरान एक और ड्रोन सऊदी अरब के महत्वपूर्ण तेल ठिकाने शायबह की ओर बढ़ रहा था, जिसे रुब अल खली रेगिस्तान के किनारे पर ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया। शायबह तेल क्षेत्र को सऊदी अरब के प्रमुख ऊर्जा केंद्रों में गिना जाता है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है। पिछले महीने के अंत में अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले शुरू किए थे, जिसके बाद से क्षेत्र में संघर्ष जारी है।
इसके जवाब में ईरान भी मध्य पूर्व के विभिन्न देशों में मौजूद अमेरिका और इसराइल के ठिकानों को निशाना बना रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।