अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट में घुसा हथियारबंद शख्स, सीक्रेट सर्विस ने मारी गोली.
वॉशिंगटन। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिसॉर्ट मार-ए-लागो में एक हथियारबंद शख्स ने घुसने की कोशिश की। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने उसे मार गिराया है। यह फ्लोरिडा के पाम बीच पर है। यह शख्स मार-ए-लागो के सुरक्षित दायरे में घुस गया था।
बताया जाता है कि मार-ए-लागो ट्रंप का पसंदीदा रिसॉर्ट है। वह अक्सर अपना वीकेंड इसी रिसॉर्ट में बिताते हैं। घटना के समय ट्रंप व्हाइट हाउस में थे। फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी शनिवार रात व्हाइट हाउस में प्रेसिडेंट के साथ थीं। सीक्रेट सर्विस ने हथियाबंद शख्स का नाम अभी जारी नहीं किया है। सीक्रेट सर्विस के मुताबिक मार-ए-लागो के उत्तरी गेट पर उस व्यक्ति को देखा गया, जो अपने साथ एक शॉटगन (एक तरह की बंदूक) और फ्यूल कैन (ईंधन भरने का डिब्बा) लेकर आया था। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों और पीबीएसओ के डिप्टी ने व्यक्ति का सामना करते हुए गोली चलाई। इस घटना में कोई एजेंट या पीबीएसओ कर्मचारी घायल नहीं हुआ। इसमें आगे बताया गया कि घटना के समय ऐसा कोई भी व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था, जिसे सीक्रेट सर्विस सुरक्षा प्रदान कर रही हो। एफबीआई, यूएस सीक्रेट सर्विस और पीबीएसओ इस घटना की जांच कर रहे हैं, जिसमें व्यक्ति की पृष्ठभूमि, उसकी गतिविधियां, संभावित उद्देश्य और बल के इस्तेमाल की समीक्षा शामिल है। एजेंसी की नीति के अनुसार, शामिल सीक्रेट सर्विस एजेंटों को जांच के नतीजे तक प्रशासनिक छुट्टी पर रखा जाएगा।
ट्रंप पर कई बार हो चुके हैं हमले
उल्लेखनीय है कि ट्रंप पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है। 13 जुलाई, 2024 को पेंसिलवेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप को निशाना बनाकर गोली चलाई गई थी। हालांकि निशाना चूक गया और गोली ट्रंप के कान को छूकर निकल गई। फिर 15 सितंबर, 2024 को, वेस्ट पाम बीच में ट्रंप के गोल्फ कोर्स के पास इंतजार कर रहे एक आदमी को राइफल के साथ पकड़ा गया। उसे इस महीने की शुरुआत में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।