कल की बैठक से इंदौर की जनता को बहुत हैं उम्मीदें, मेट्रो सहित अन्य विकास कार्यों की राजनीतिक और प्रशासनिक उलझनें सुलझा देना सीएम साहब.
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव रविवार 14 दिसंबर को इंदौर में रहेंगे। रेसीडेंसी कोठी में आयोजित बैठक विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। सीएम की इस बैठक से इंदौर को बहुत उम्मीदें हैं। मेट्रो सहित कई विकास योजनाएं लंबे समय से उलझी हैं। इंदौर की जनता उम्मीद लगा कर बैठी है कि सीएम कल की बैठक में इन विकास कार्यों की राजनीतिक, प्रशासनिक और जमीनी बाधाएं दूर कर देंगे।
उल्लेखनीय है कि इंदौर में मेट्रो का काफी काम बचा हुआ है। इसके बाकी रूट के लिए राजनीतिक हस्तक्षेप लगातार होता रहा। वह भी तब जब कुछ हिस्से तक मेट्रो चलने भी लगी। तब तक इंदौर के बड़े नेता सो रहे थे और जब काम की रफ्तार बढ़ने लगी तो उस पर ब्रेक लगा दिया गया। एक मंत्री तो अचानक नींद से जागे और मेट्रो के तय रूट को इधर-उधर भटकाने लगे। इससे मेट्रो का काम बाधित हुआ है। जनता को यह भी लगता है कि आखिर इस मेट्रो का औचित्य ही क्या है, जिसका फायदा ही लोग नहीं उठा पाएं। कल की बैठक से उम्मीद है कि सीएम मेट्रो के बचे हुए रूट विशेषकर अंडरग्राउंड रूट पर कोई फैसला जरूर लेंगे। इसके साथ ही इस प्रोजेक्ट में हो रहे राजनीतिक हस्तक्षेप को भी दूर करेंगे।
मेट्रोपॉलिटन सिटी पर भी फैसले की आस
कल की बैठक में इंदौर को मेट्रोपॉलिटन सिटी पर भी फैसले की उम्मीद है। पहले इसका एरिया छह हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में था। बाद में इंदौर विकास प्राधिकरण ने इसका प्रस्ताव 9 हजार वर्ग किलोमीटर किया है। यह प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था। इस एरिया में उज्जैन, देवास, महू व धार की पंचायतें, कुछ नगरीय निकाय शामिल होंगे।
बीआरटीएस पर बनने वाले ब्रिजों पर भी चर्चा
बैठक में बीआरटीएस की बस रैलिंग हटाने में हो रही देरी को लेकर भी चर्चा हो सकती है। नौ महीने से अधिक समय तक रेलिंग नहीं हटाए जाने पर हाईकोर्ट ने भी नाराजगी व्यक्त की है। बीआरटीएस पर बनने वाले नए ब्रिजों को लेकर भी फैसला होने की उम्मीद है। इसके अलावा शहर के मास्टर प्लान की सड़कों को लेकर भी चर्चा हो सकती है। मास्टर प्लान की 23 सड़कों का काम शुरू हो चुका है, लेकिन अभी भी कई सड़कों पर बाधाएं कायम हैं।
शुरू हो सकती है इंदौर-उज्जैन बस सेवा
बैठक में लोक निर्माण विभाग की जमीन का रीडेंसीफिकेशन के तहत प्रोजेक्ट शुरू करने पर भी निर्णय होगा। नए बायपास पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही प्रदेश में शुरू होने जा रही नई सार्वजनिक परिवहन नागरिक बस सेवा पर भी बात होगी। सबसे पहले यह बस सेवा इंदौर-उज्जैन के बीच शुरू होना है। इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर, भविष्य के मुताबिक इंदौर को आईटी हब बनाने पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में रखे जाएंगे ये मुद्दे-
-इंदौर के यातायात को सुधारने की कार्ययोजना
-मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की प्रगति
-बस सेवा सुविधाओं का विस्तार
-इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन रीजन
-इंदौर के नाइट लाइफ के लिए पॉलिसी
-मास्टर प्लान की सड़कों की प्रगति
-इकोनॉमी कॉरिडोर
-हुकुमचंद मिल की जमीन पर प्रोजेक्ट