देवास में मकान का छज्जा गिरने से सेवानिवृत्त DSP की मौत, प्रशासन ने की जांच शुरू.
देवास में मकान का छज्जा गिरने से सेवानिवृत्त DSP की मौत, प्रशासन ने की जांच शुरू
मध्य प्रदेश के देवास में विजय नगर मुख्य मार्ग स्थित एक मकान का छज्जा गिरने से सेवानिवृत्त डीएसपी हिम्मत सिंह राणा (82) की मौत हो गई। वे अपने घर के बाहर धूप में बैठकर अखबार पढ़ रहे थे, तभी अचानक ऊपर से छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में गंभीर रूप से घायल राणा को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल पर प्रशासनिक अमला पहुंचा
हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस विभाग और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर राणा को बाहर निकाला गया। कलेक्टर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली।
प्रशासन की प्रारंभिक जांच
प्रशासन के अनुसार, मकान करीब 40 साल पुराना था और छज्जा बिना पिलर के आगे बढ़ाया गया था। संभवतः सरियों के सड़ने के कारण छज्जा गिरा।