सपा चीफ अखिलेश यादव का पीएम मोदी पर पलटवार, कहा- जब हार साक्षात दिखने लगती है तो इंसान को अपने पद का मान नहीं रहता.
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान सपा पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान पीएम मोदी ने इतना तक कह दिया कि पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। अब सपा चीफ अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा है कि जब हार साक्षात दिखने लगती है तो इंसान को अपने पद का मान नहीं रहता।
सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा है कि उम्र और पद का मान करना हमारे संस्कार में है और हमेशा रहेगा। अखिलेश ने एक्स पर लिखा-हमारे प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं, हम उनको मेहमान मानकर ही सम्मान सहित विदा करेंगे। जाने वालों की बात का बुरा नहीं माना जाता है, जब हार साक्षात दिखने लगती है तो इंसान को न अपने पद का मान रहता है, न ही अपने कथन पर नियंत्रण। उम्र और पद का मान करना हमारे संस्कार में है और हमेशा रहेगा। सादर विदाई!
अखिलेश यादव ने कि कहा कि यूपी में सात नए एयरपोर्ट में से 6 बंद हैं। इसकी वजह भाजपा सरकार का भ्रष्ट प्रबंध है। सपा नेता अखिलेश यादव ने आगे कहा कि 'यूपी के बाक़ी हवाई अड्डों का क्या हाल है 'घास हटवाकर' ये भी तो देख लिया जाए। भाजपा में अरबों का निर्माण सिर्फ़ अपनों को ठेके बांटकर, कमाई को बांटने के लिए होता है। इन्हें न तो कोई हवाई अड्डा चलाना है, न उड़ान योजना में कोई हवाई जहाज़ उड़ाना है, इन्हें तो बस कमाना है'।
नोएडा इंटरनेशल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि नोएडा को अंधविश्वास की वजह से अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे, यहां की सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया तो सीएम इतने डरे हुए थे कि उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की कि अभी अभी पीएम बने हो नोएडा मत जाओ। सपा वालों ने इस एयरपोर्ट का काम नहीं होने दिया, कांग्रेस और यूपी की पहले की सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव नहीं पड़ने दी।