क्रू की कमी के कारण इंडिगो की 70 से ज्यादा फ्लाइट रद्द, कंपनी ने कहा-तकनीकी खामियों के कारण आई परेशानी.
नई दिल्ली। इंडिगो ने बुधवार को 70 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं। बताया जाता है कि मुख्य रूप से चालक दल की कमी के कारण विमानों को रद्द करना पड़ा। इंडिगो की कई उड़ानें विभिन्न हवाई अड्डों पर लेट रहीं, क्योंकि कंपनी को अपनी उड़ानों के संचालन के लिए चालक दल जुटाने में परेशानी हुई। इंडिगो ने कहा कि तकनीकी कारणों से फ्लाइट रद्द की गई।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि पिछले कुछ दिनों में प्रौद्योगिकी संबंधी समस्याओं, हवाईअड्डे पर भीड़भाड़ और परिचालन संबंधी आवश्यकताओं सहित विभिन्न कारणों से कई उड़ानों में अपरिहार्य देरी हुई है और कुछ उड़ानें रद्द हुई हैं। एक न्यूज एजेंसी के अनुसार एफडीटीएल मानदंडों के दूसरे चरण के कार्यान्वयन के बाद से इंडिगो को चालक दल की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण हवाई अड्डों पर उड़ानें रद्द हो रही हैं और परिचालन में भारी देरी हो रही है। एयरलाइन के लिए मंगलवार को स्थिति खराब हो गई और बुधवार को यह कमी और भी बदतर हो गई, जब देश के विभिन्न हवाई अड्डों से कई उड़ानें रद्द कर दी गईं और देरी से उड़ान भरी गईं।
इंडिगो ने बुधवार को कहा कि उसने परिचालन को सामान्य करने के लिए अगले 48 घंटों के लिए अपने समय-सारिणी में सुनियोजित तरीके से बदलाव किया है। 48 घंटों के लिए एयरलाइन समायोजन के तहत उड़ानों को रद्द करेगी या उनके समय में बदलाव करेगी। बुधवार को अपने दूसरे बयान में इंडिगो के प्रवक्ता ने स्वीकार किया कि पिछले दो दिनों से पूरे नेटवर्क में उसका परिचालन काफी बाधित रहा है, और उन्होंने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताया। एयरलाइन ने कहा कि छोटी-मोटी तकनीकी गड़बड़ियों, सर्दियों के मौसम के कारण शेड्यूल में बदलाव, खराब मौसम, विमानन प्रणाली में भीड़भाड़ बढ़ने और नए क्रू रोस्टरिंग के कार्यान्वयन के कारण परिचालन के स्तर पर अप्रत्याशित चुनौतियां आईं। इन चुनौतियों का पहले से अनुमान लगाना संभव नहीं था।
मध्यप्रदेश में 11 से ज्यादा उड़ानें रद्द
मध्य प्रदेश में इंडिगो की 11 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि इंडिगो में क्रू प्रॉब्लम होने की वजह से इंदौर आने-जाने वाली 4-5 फ्लाइट कैंसिल हैं। कुछ फ्लाइट लेट भी चल रही हैं। भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइन की हैदराबाद-भोपाल-रायपुर और रायपुर-भोपाल-हैदराबाद को रद्द किया गया है।