आज से नासिक, उदयपुर और जोधपुर जाना हुआ मुश्किल, इंडिगो ने बंद की इंदौर से सीधी उड़ान.
इंदौर। इंडियो एयरलाइंस ने आज यानी एक अगस्त से इंदौर से नासिक, उदयपुर और जोधपुर के लिए सीधी फ्लाइट बंद कर दी है। इससे इन शहरों को जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इन रूटों पर एयरलाइंस कंपनी ने सीधी फ्लाइट की बुकिंग पहले से ही बंद कर दी थी। वहीं जिन यात्रियों ने एडवांस में बुकिंग करा ली थी, उन्हें कंपनी अब रिफंड या फिर कनेक्टिंग फ्लाइट का ऑप्शन दे रही है।
इंदौर एयरपोर्ट से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन तीनों फ्लाट्स को रोटेशन प्रक्रिया के तहत बंद होना बताया जा रहा है। हालांकि फ्लाइट बंद करने के पीछे कारण यात्रियों की कम बुकिंग भी है। अब जोधपुर जाने के लिए इंदौर से वाया दिल्ली, मुंबई होते हुए उन्हें जोधपुर जाना होगा। इंदौर से जोधपुर के लिए चार कनेक्टिंग फ्लाइट हैं। इंदौर से यात्री अब उदयपुर के लिए इंदौर से वाया दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु होते हुए जा सकेंगे। 10 से ज्यादा फ्लाइट इंदौर से मिलेंगी। इसी तरह इंदौर से नासिक जाने वाली यात्री इंदौर से वाया दिल्ली और हैदराबाद की कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर नासिक जा सकेंगे। हालांकि इन कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया आम फ्लाइट से दो से ढाई गुना तक लगेगा।
पहले भी बंद हो चुकी हैं कई फ्लाइट्स
इंडिगो जुलाई में अहमदाबाद और जयपुर की भी एक-एक फ्लाइट बंद कर चुकी है। वहीं इंदौर एयरपोर्ट से पूर्व में दुबई सहित शिर्डी, जम्मू, प्रयागराज, वाराणसी, ग्वालियर, सूरत, बिलासपुर, किशनगढ़, बेलगावी आदि फ्लाइटें पूर्व में बंद हो चुकी हैं।
अक्टूबर से शुरू होगी जम्मू की बंद फ्लाइट
पहलगाम हमले के बाद से बंद इंदौर से जम्मू के लिए सीधी फ्लाइट अक्टूबर में फिर से शुरू होने जा रही है। एयरलाइंस कंपनी ने इसकी दोबारा बुकिंग शुरू कर दी है। जम्मू की फ्लाइट शुरू होने से मप्र से वैष्णोदेवी और कश्मीर जाने वाले यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इस फ्लाइट का संचालन हफ्ते में तीन किया जाएगा। यह फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी। इंदौर से जम्मू के लिए फ्लाइट नंबर 6E 959 सुबह 9.10 बजे इंदौर एयरपोर्ट से उड़ान भरकर सुबह 11.20 बजे जम्मू एयरपोर्ट पर लैंड होगी। इसी तरह रिटर्न फ्लाइट 6E 6738 जम्मू से सुबह 11.50 बजे उड़ान भरकर दोपहर 2.05 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड होगी।