तेलंगाना में माता-पिता की उपेक्षा करने वाले सरकारी कर्मचारियों के वेतन से कटेगा हिस्सा: मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी.
तेलंगाना में माता-पिता की उपेक्षा करने वाले सरकारी कर्मचारियों के वेतन से कटेगा हिस्सा: मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घोषणा की है कि राज्य सरकार एक ऐसा नया कानून लाने जा रही है, जिसके तहत अगर कोई सरकारी कर्मचारी अपने माता-पिता की उपेक्षा करता है, तो उसके वेतन का 10 से 15 प्रतिशत हिस्सा काटकर उपेक्षित माता-पिता के बैंक खाते में जमा किया जाएगा।

नवचयनित ग्रुप-II कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपने से पहले एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों को उन लोगों के प्रति दयालु और जिम्मेदार होना चाहिए, जो उनके पास अपनी समस्याएं लेकर आते हैं।
रेवंत रेड्डी ने कहा, हम एक कानून ला रहे हैं। अगर कोई सरकारी कर्मचारी अपने माता-पिता की अनदेखी करता है, तो उसके वेतन का 10 से 15 प्रतिशत हिस्सा काटकर उसके माता-पिता के खाते में भेजा जाएगा। आप ही इस कानून का मसौदा तैयार करेंगे। जैसे आपको मासिक वेतन मिलता है, वैसे ही हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आपके माता-पिता को भी इससे मासिक आय प्राप्त हो।”