अमेरिका द्वारा तेल टैंकर जब्ती पर रूस का कड़ा ऐतराज, मैरिनेरा जहाज का मुद्दा गरमाया.
अमेरिका द्वारा तेल टैंकर जब्ती पर रूस का कड़ा ऐतराज, मैरिनेरा जहाज का मुद्दा गरमाया
मैरिनेरा जहाज को लेकर रूस और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता दिख रहा है। रूसी विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए अमेरिका से समुद्र में की जा रही कथित “गैर कार्रवाइयों” को तुरंत रोकने की मांग की है।
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा,
“हम अमेरिका से अपील करते हैं कि वह अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों के तहत काम कर रहे मैरिनेरा और अन्य जहाज़ों के ख़िलाफ अपनी अवैध कार्रवाई तुरंत बंद करे।”
रूस ने यह भी जोर देकर कहा कि जहाज पर सवार रूसी नागरिकों के साथ उचित और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
इस बयान से दो दिन पहले अमेरिका ने दावा किया था कि उसने वेनेज़ुएला से जुड़े दो तेल टैंकरों को ज़ब्त कर लिया है। इनमें से एक टैंकर — जिसमें कथित तौर पर तेल मौजूद नहीं था — को उत्तरी अटलांटिक महासागर में, आइसलैंड और ब्रिटेन के बीच, अपने नियंत्रण में लिया गया।
ज़ब्त किए गए इस टैंकर का नाम मैरिनेरा बताया गया है, जिस पर रूस का झंडा लगा हुआ था। यह घटना अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून और कूटनीतिक संबंधों को लेकर नए सवाल खड़े कर रही है।