बांग्लादेश पुलिस का आरोप-उस्मान हादी की हत्या के दो आरोपी भारत के मेघालय पहुंचे.
ढाका। बांग्लादेश के छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या मामले में अब भारत पर आरोप मढ़ा गया है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, इस हत्या के दो मुख्य आरोपी भारत भागकर मेघालय पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के प्रमुख अख़बार द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी हुलुआघाट सीमा के रास्ते भारत में दाख़िल हुए और स्थानीय सहयोगियों की मदद से मेघालय तक पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि शरीफ उस्मान हादी बांग्लादेश के प्रभावशाली छात्र नेता थे और शेख हसीना विरोधी मंच इनक़िलाब मंच से जुड़े थे। वे आगामी फरवरी चुनावों में ढाका-8 सीट से स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव प्रचार कर रहे थे, तभी उन पर जानलेवा हमला हुआ। इनक़िलाब मंच ने पिछले साल जुलाई आंदोलन के दौरान सुर्खियां बटोरी थीं, जिसने अंततः शेख हसीना की सत्ता से विदाई की राह बनाई। हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। इसके कारण जगह-जगह हिंसा भी हुई। हादी को 12 दिसंबर को ढाका के बिजयनगर इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान सिर में गोली मारी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, जहां 18 दिसंबर को उन्होंने दम तोड़ दिया।
ढाका के अतिरिक्त आयुक्त एसएन नज़रुल इस्लाम ने बताया कि आरोपी फैसल करीम मसूद और आलमगीर शेख हुलुआघाट सीमा पार कर भारत पहुंचे। पुलिस के अनुसार सीमा पार करने के बाद उन्हें पहले पूर्ति नाम के व्यक्ति ने रिसीव किया और फिर सामी नामक टैक्सी चालक ने उन्हें मेघालय के तुरा शहर तक पहुंचाया। अधिकारी ने यह भी कहा कि जिन दो लोगों ने आरोपियों को मेघालय पहुंचाने में मदद की, उन्हें भारत में हिरासत में लिया गया है। बांग्लादेशी पुलिस ने भरोसा जताया कि भारतीय एजेंसियों के साथ औपचारिक और अनौपचारिक दोनों स्तरों पर समन्वय जारी है ताकि आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया जा सके। डीएमपी के अतिरिक्त आयुक्त नज़रुल इस्लाम के अनुसार दोनों देशों की एजेंसियों के बीच संपर्क बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहते हुए त्वरित कार्रवाई की कोशिश की जा रही है।