टेस्ट के बाद वन डे में भी रोहित शर्मा नहीं रहेंगे कप्तान, बीसीसीआई ने शुभमन गिल को सौंपी कमान.
नई दिल्ली। टेस्ट के बाद अब वन डे में भी रोहित शर्मा कप्तान की भूमिका में नजर नहीं आएंगे। बीसीसीआई ने युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी की कमान सौंप दी है। शनिवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम के ऐलान से पहले बीसीसीआई की एक बैठक यह फैसले लिया गया।
26 वर्षीय शुभमन गिल पहले ही टेस्ट टीम के कप्तान हैं और अब ओडीआई टीम की भी कप्तानी करेंगे। टेस्ट कप्तान के रूप में गिल ने इंग्लैंड दौरे पर भारत को 2-2 से ड्रॉ कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और उस सीरीज में सर्वाधिक 754 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले वनडे और टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। उपकप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। आगामी सीरीज के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी टीम में लिया गया है। ये दोनों खिलाड़ी बतौर बल्लेबाज टीम में रहेंगे। टीम में मुख्य विकेट कीपर के तौर केएल राहुल को शामिल किया गया है, जबकि वैकल्पिक विकेट कीपर के तौर पर ध्रुव जूरेल को स्थान दिया गया है।
टी 20 की कप्तानी सूर्यकुमार को
टी20 की टीम में कुछ खास बदलाव नहीं किया गया है। सूर्यकुमार यादव ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी टीम की कमान संभालेंगे, जबकि उपकप्तानी की जिम्मेदारी शुभमन गिल के कंधों पर ही रहेगी। यहां मुख्य विकेट कीपर के तौर पर टीम में संजू सैमसन को शामिल किया गया है, जबकि वैकल्पिक विकेट कीपर के तौर पर जितेश शर्मा को रखा गया है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)और यशस्वी जायसवाल?