जिस संजय वर्मा को ढूंढ रही थी पुलिस, वह राज कुशवाह ही निकला, सोनम ने 25 दिन में किए थे 119 कॉल, ट्रू कॉलर में नाम देख शिलांग पुलिस हो गई थी हैरान.
इंदौर। राजा रघुवंशी की शिलांग में हुई हत्या के आरोप में पकड़ी गई उनकी पत्नी सोनम जिस संजय वर्मा से घंटों बात करती थी, वह उसका कथित प्रेमी राज कुशवाह ही निकला। शिलांग पुलिस ने जब सोनम की कॉल डिटेल चेक की थी, तब संजय वर्मा के नंबर पर 25 दिन में 119 कॉल किए गए थे।
शिलांग पुलिस इसको लेकर सस्पेंस में थी कि यह कोई नया बंदा तो नहीं है, लेकिन बाद में इसका खुलासा हो गया। शिलांग पुलिस ने सोनम से ही पूछा कि संजय वर्मा कौन है, उसने बताया कि वह राज का ही मोबाइल नंबर है। शिलांग पुलिस के अनुसार ट्रू कॉलर पर संजय वर्मा नाम लिखा हुआ आ रहा था। सोनम दो मोबाइल फोन चलाती थी। एक नंबर से लगातार कई घंटों तक वह राज से बातें करती रही। देर रात तक दोनों के बीच बातें होती थीं। सोनम ने 1 से लेकर 25 मार्च तक संजय वर्मा नामक शख्स, जो अब राज ही निकला है, को 119 बार कॉल लगाए। वह नंबर अब बंद आ रहा था। पुलिस ने इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया था। 1 मार्च से 8 अप्रैल के बीच सोनम ने राज को 234 बार कॉल किए थे।
राज के घर भी पहुंची शिलांग पुलिस
शिलांग से अफसरों की एक टीम हत्याकांड से जुड़े सबूत जुटाने के लिए इंदौर में है। दो दिन से अफसरों ने राजा से लेकर सोनम के परिजनों से बात की। दफ्तर, गोडाउन पर भी तलाशी लेने पहुंची। बुधवार रात वह हत्या के मास्टरमाइंड राज कुशवाहा के घर भी पहुंची। नंदबाग में रहने वाले राज के यहां सोनम पांच दिन रुकी थी। अफसरों ने घर की तलाशी ली और कुछ महत्पवूर्ण सबूत वे अपने साथ ले गए। अपने घर सोनम को रुकवाने के लिए राज ने अपनी दोनों बहन और मां को यूपी के पैतृक गांव रामपुर में भेज दिया था। पांच दिन के बाद सोनम फ्लैट में रहने चली गई थी। रात को राज के घर शिलांग से आए अधिकारी पहुंचे और दोनों बहनों व मां से बात की। इधर, रामपुर में रहने वाली राज कुशवाहा की दादी का बुधवार को निधन हो गया। राज की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद से ही उसकी दादी सदमे में आ गई थी।