दिग्विजय और कमलनाथ के बयान पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा-अपनी बच्चा सरकार को कांग्रेसियों ने चूम-चूमकर मार डाला, पटवारी बोले-दोनों के बीच की केमिस्ट्री समझना मुश्किल.


भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के तख्तापलट की कहानी पर दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के बयान सामने आने के बाद सियासत गरमा गई है। अब भाजपा भी बहती गंगा में हाथ धो रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि कांग्रेसियों ने ही अपनी बच्चा रूपी सरकार को चूम-चूम कर मार डाला। इधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के बीच की केमिस्ट्री याद आ रही है।
उल्लेखनीय है कि दिग्विजय सिंह ने कहा था कि ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ में अनबन के कारण 2020 में कांग्रेस की सरकार गिरी थी। दिग्विजय सिंह ने इस पर विस्तार से चर्चा भी की है। इसके बाद कमलनाथ ने इसके लिए दिग्विजय सिंह को ही जिम्मेदार ठहरा दिया। कमलनाथ का कहना था कि सरकार इसलिए गिर गई क्योंकि सिंधिया यह समझते थे कि सरकार दिग्विजय सिंह चला रहे हैं।
नरोत्तम मिश्रा ने कसा जोरदार तंज
प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्गी और कमलनाथ के विवाद पर जोरदार तंज कसा है। मिश्रा ने कहा कि काफिला क्यों लुटा था, कौन दोषी है, अब यह सामने आ गया है। कांग्रेस को बुढ़ापे में बच्चा रूपी सरकार हुई थी। इन्होंने उसे चूम-चूम कर ही मार डाला। हम तो पहले से कहते थे कि कमलनाथ नहीं दिग्विजय सिंह सरकार चला रहे थे। यही कारण था सरकार गिरने का। मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ जी जब आप सच की राह पर चल ही दिए हैं तो लगे हाथ यह भी बता दें कि डेढ़ साल की सरकार में सुपर सीएम दिग्विजय सिंह ने आपसे भ्रष्टाचारी फैसले करवाए। नहीं तो जनता यह मान लेगी कि आप दोनों एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़कर सबको गुमराह कर रहे हैं। असलियत यही है कि आप दोनों के सच ने बता दिया है कि कांग्रेस की नाव जो डूबी उसे कप्तान ने ही छेदकर डुबाया था।
मंत्री सारंग ने कहा-खुलासा करें कमलनाथ
मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि गुटों और गिरोह में बंटी हुई कांग्रेस में स्थितियां बद से बदतर हो रही हैं। कमलनाथ सरकार के तत्कालीन मंत्री, जो आज नेता प्रतिपक्ष हैं ने भी उस समय कई आरोप लगाए थे। कमलनाथ के ट्वीट के बाद जनता चाहती है कि वह खुलासा करें कि उनकी सरकार कौन चलाता था।
पटवारी बोले-दोनों की केमिस्ट्री समझना मुश्किल
इस विवाद पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दोनों में 45 साल का प्रेम है। दोनों छोटे भाई-बड़े भाई हैं। उनकी केमिस्ट्री समझना बहुत मुश्किल है। पुरानी बातों का कोई औचित्य नहीं है। हमें पीछे की बात नहीं करनी है। मुझे आने वाले भविष्य की ओर देखना है। पटवारी ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को सरकार गिराने की सजा मिलनी चाहिए।