देर रात मध्यप्रदेश सरकार ने 11 आईएएस का किया तबादला, मनीष सिंह को फिर जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी.
भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकार ने शुक्रवार देर रात 11 आईएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश में अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव को पदस्थ किया गया है। इंदौर में कलेक्टर सहित कई पदों पर रहे मनीष सिंह को फिर से जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी दे दी गई है।
नए आदेश में अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को वन विभाग से हटाकर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा भोपाल गैस त्रासदी विभाग का दायित्व सौंपा गया है। उनके पास पहले से मौजूद पर्यावरण विभाग भी यथावत रहेगा, साथ ही उन्हें खाद्य सुरक्षा आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इस तबादले में प्रमुख सचिव संदीप यादव को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से हटाकर वन विभाग का प्रमुख बनाया गया है। उन्हें प्रवासी भारतीय विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
मनीष सिंह के पास फिर जनसंपर्क
2009 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष सिंह को जनसंपर्क विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। वे पूर्व में भी यह दायित्व निभा चुके हैं। उनके पास परिवहन विभाग और जेल विभाग पहले की तरह रहेंगे। साथ ही मध्यप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और इंटर स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा।
दीपक सक्सेना बने आबकारी आयुक्त
अब तक जनसंपर्क विभाग संभाल रहे दीपक कुमार सक्सेना को आबकारी आयुक्त, ग्वालियर नियुक्त किया गया है। वहीं अभिजीत अग्रवाल को मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाकर वापस बुलाया गया है। किसान कल्याण एवं कृषि विभाग से अजय गुप्ता को हटाकर मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर का प्रबंध संचालक बनाया गया है। राज्यपाल के अपर सचिव रहे उमाशंकर भार्गव को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग का संचालक नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
-भिंड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग की उपसचिव संघमित्रा गौतम को आलीराजपुर जिले का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
-आगर मालवा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान का परियोजना संचालक बनाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग के उपसचिव कमल सोलंकी को रायसेन जिले का मुख्य कार्यक्रम अधिकारी नियुक्त किया गया है।
-शाजापुर के अपर कलेक्टर भुरला सिंह सोलंकी को आगर मालवा, छतरपुर के अपर कलेक्टर मिलिंद कुमार नामदेव को खरगोन और बुरहानपुर के अपर कलेक्टर वीर सिंह चौहान को भिंड जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है।
-इंदौर सहकारी दुग्ध संघ के उपमहाप्रबंधक राकेश शर्मा को मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, भोपाल का मुख्य महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है।