क्या मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा का टूट रहा है परिवार, पति प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर लिखी तलाक लेने की बात.
लखनऊ। मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव भाजपा नेत्री पत्नी अपर्णा यादव से तलाक लेने जा रहे हैं। प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर अपर्णा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा है-मैं जल्द से जल्द इस स्वार्थी महिला से तलाक लेने जा रहा हूं। अपर्णा यादव की टीम ने पोस्ट को फर्जी बताया है। टीम का कहना है कि प्रतीक का अकाउंट हैक हो गया है।
प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर लिखा-मैं जल्द से जल्द इस स्वार्थी महिला से तलाक लेने जा रहा हूं। उसने मेरे पारिवारिक रिश्तों को बर्बाद कर दिया। उसकी इच्छा केवल प्रसिद्ध और प्रभावशाली बनने की है। प्रतीक ने यह भी कहा कि वह खराब मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रहे हैं, लेकिन अपर्णा इसकी परवाह नहीं करतीं। यह मामला दोनों प्रमुख राजनीतिक परिवारों से जुड़ा होने के कारण सुर्खियों में है।
अपर्णा यादव और प्रतीक की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। इससे पहले वह दोनों आठ साल तक दोस्त रहे। यह बात अपर्णा ने एक इंटरव्यू में कही थी। 2011 में हुई ये शादी चर्चित शादियों में से एक थी। अपर्णा-प्रतीक की इस शादी में अनिल अंबानी, अमिताभ बच्चन सरीखे सेलिब्रेटीज शामिल हुए थे। अर्पणा बिष्ट यादव ने ब्रिटेन की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की है। प्रतीक लीड्स यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट डिग्री ली है। अपर्णा और प्रतीक यादव की एक बेटी प्रथमा है। प्रतीक यादव मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र हैं। प्रतीक बिजनेस करते हैं। साथ ही जिम वगैरह भी चलाते हैं। दोनों अपने-अपने कामों में काफी व्यस्त रहते हैं। अपर्णा यादव एक हर्ष संस्था भी चलाती हैं। अपर्णा समाज सेवा के साथ ही शास्त्रीय संगीत में भी पारंगत हैं। अपर्णा को गाने का शौक है। वो एक लोक गायिका भी हैं। दोनों लोग एनिमल लवर हैं। अक्सर पेट्स के साथ सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट देखने को मिल जाती है। अपर्णा वर्तमान में यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।