जियो-एयरटेल समेत कई कंपनियों का नेटवर्क एक साथ डाउन, स्लो इंटरनेट स्पीड के साथ कॉलिंग में भी आई परेशानी.
नई दिल्ली। रविवार सुबह कई टेलीकॉम कंपनियों के नेटवर्क में अचानक परेशानी की शिकायतें मिली हैं। जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और बीएसएनएल के यूजर्स ने स्लो इंटरनेट, कॉल ड्रॉप और नेटवर्क न मिलने की शिकायत की। यह समस्या सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे तक सबसे ज्यादा दर्ज की गई।
डाउन डिटेक्टर वेबसाइट के अनुसार रविवार सुबह तीन घंटे तक नेटवर्क से जुड़ी शिकायतों में तेज बढ़ोतरी देखी गई। इस दौरान इंटरनेट की स्पीड बेहद धीमी रही और कई यूजर्स कॉल भी नहीं कर पाए। डाउन डिटेक्टर के आंकड़ों के अनुसार, वोडाफोन-आइडिया यूजर्स ने सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज कराईं। सबसे ज्यादा शिकायतें बेंगलुरु, मुंबई, अहमदाबाद, पुणे, पणजी, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई और नई दिल्ली से मिली हैं। इसी तरह जियो यूजर्स ने भी मोबाइल इंटरनेट और जियोफाइबर सेवाओं में दिक्कत की शिकायत की।डाउन डिटेक्टर के अनुसार 57% शिकायतें मोबाइल इंटरनेट को लेकर थीं, जबकि 30% जियोफाइबर सेवाओं को लेकर रहीं। 13% यूजर्स ने नेटवर्क न मिलने की शिकायत की। इसके साथ ही एयरटेल और बीएसएनएल का नेटवर्क भी प्रभावित हुआ। एयरटेल के यूजर्स ने 53% मोबाइल इंटरनेट, 26% नेटवर्क न मिलने और 22% ने लैंडलाइन इंटरनेट से जुड़ी शिकायतें की हैं। इसी तरह बीएसएनएल यूजर्स ने 62% शिकायतें नेटवर्क नहीं मिलने, 30% ने मोबाइल इंटरनेट और 8% ने मोबाइल फोन से जुड़ी शिकायतें की हैं।