भारत-पाकिस्तान तनाव: पाकिस्तान का दावा - भारत अगले 24-36 घंटों में कर सकता है सैन्य कार्रवाई.
भारत-पाकिस्तान तनाव: पाकिस्तान का दावा - भारत अगले 24-36 घंटों में कर सकता है सैन्य कार्रवाई
पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारत उसके ख़िलाफ अगले 24 से 36 घंटों के भीतर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। यह बयान पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार ने दिया है। उन्होंने यह जानकारी अपने एक्स अकाउंट पर सोमवार सुबह करीब 3 बजे साझा की।

तरार ने वीडियो संदेश में कहा,
"पाकिस्तान के पास विश्वसनीय ख़ुफ़िया जानकारी है कि भारत, पहलगाम घटना में संलिप्तता के निराधार और मनगढ़ंत आरोपों को आधार बनाकर अगले 24-36 घंटों में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई करने का इरादा रखता है।"
उन्होंने कहा,पाकिस्तान खुद आतंकवाद का शिकार रहा है और इस त्रासदी को गहराई से समझता है। हमने विश्व स्तर पर आतंकवाद के सभी रूपों की आलोचना की है।"
तरार ने यह भी चेतावनी दी कि भारत द्वारा की गई किसी भी संभावित सैन्य कार्रवाई का पाकिस्तान निश्चित और निर्णायक जवाब देगा।
इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि भारत जल्द ही हमला कर सकता है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी। इस हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।