इस बार महिलाओं को लुभाने की कोशिश में भाजपा, राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए पहली बार तीन नामों की हो रही चर्चा, दक्षिण पर भी है नजर.
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना है। वैसे तो कई नेता इस बार भी रेस में है, लेकिन सबसे अधिक चर्चा तीन महिलाओं निर्मला सीतारमण, डी पुरंदेश्वरी और वनाथी श्रीनिवासन की हो रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा पहली बार किसी महिला को पार्टी की कमान सौंपने का विचार बना चुकी है और इसमें भी ज्यादा जोर दक्षिण पर है।
राजनीतिक जानकार इसके कई कारण गिना रहे हैं। सबसे पहला कारण पूरे देश में महिलाओं के लिए चलाई जा रही आर्थिक मदद वाली योजनाएं हैं, जिसका लाभ भाजपा को भरपूर मिला है। मध्यप्रदेश में लाडली बहना योजना तो भाजपा को बंपर बहुमत दिलाया था। इसके बाद यह प्रयोग पूरे देश में लागू किया गया। अन्य राज्यों में भी महिलाओं ने भाजपा को अच्छा समर्थन दिया। यही वजह है कि दिल्ली कुर्सी पर भी रेखा गुप्ता को बिठाया गया। इस बार भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर न केवल महिला को बिठाना चाहती है, बल्कि कोशिश है कि यह महिला भी साउथ की हो ताकि आगामी होने वाले चुनावों में वहां लाभ उठाया जा सके। अब निर्मला सीतारमण, डी पुरंदेश्वरी और वनाथी श्रीनिवासन के नामों की चर्चा है। बताया जा रहा है कि भाजपा आलाकमान और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच इन नामों पर बात हुई है और काफी हद तक सहमति बनी है। अगर ऐसा होता है तो भाजपा के इतिहास में पहली बार होगा जब किसी महिला को पार्टी की कमान दी जाएगी।
एक्सेंटशन पर चल रहे हैं नड्डा
वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2023 में समाप्त हो चुका था। लोकसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी ने उन्हें जून 2024 तक अध्यक्ष पद पर बनाए रखा। इसके बाद उनका कार्यकाल फिर बढ़ाया गया। कई राज्यों में अध्यक्ष का चुनाव भी पेंडिग था। अब प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव लगभग पूरे हो चुके हैं, तब राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन हो रहा है।
/इन तीन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा
निर्मला सीतरमण-वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इसमें सबसे आगे हैं। उन्हें केंद्र सरकार में काम करने का लंबा अनुभव रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से उनकी अच्छी ट्यूनिंग है। हाल ही में भाजपा मुख्यालय में जेपी नड्डा और महासचिव बीएल संतोष के साथ मीटिंग भी हुई थी। पार्टी सीतारमण के माध्यम से दक्षिण की राह आसान कर सकती है।
वनाथी श्रीनिवासन-वनाथी तमिलनाडु के कोयंबटूर दक्षिण सीट से विधायक हैं। वे भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं। लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रही हैं। वनाथी 1993 से भाजपा के साथ हैं और संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर रही हैं।
डी. पुरंदेश्वरी-डी.पुरंदेश्वरी आंध्र प्रदेश भाजपा की अध्यक्ष रह चुकी हैं। इन्हें काफी अनुभवी नेता माना जाता है। हाल ही में वे ऑपरेशन सिंदूर के बाद विदेशी डेलिगेशन में जाने वाली एक प्रतिनिधिमंडल की सदस्य भी रह चुकी हैं। आलाकमान को पुरंदेश्वरी पर काफी भरोसा है। इनके सहारे भी साउथ की राह आसान हो सकती है।