पिता की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी ने किया पोस्ट- पापा, आपकी यादें हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन करती हैं.
नई दिल्ली। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज पुण्यतिथि है। अपने पिता को याद करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बहुत ही भावुक पोस्ट किया है। राहुल ने लिखा- पापा, आपकी यादें हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन करती हैं। आपके अधूरे सपनों को साकार करना ही मेरा संकल्प है और मैं इन्हें पूरा करके रहूंगा।
राहुल गांधी ने अपनी इस पोस्ट के साथ दो तस्वीरें भी शेयर की हैं। इनमें एक बेहद पुरानी तस्वीर है, जिसमें राहुल अपने पिता राजीव गांधी के साथ नजर आ रहे हैं। हल्की धुंधली सी ये तस्वीर राहुल गांधी को उन खूबसूरत पलों की याद दिलाते हैं, जो उन्होंने एक साथ गुजारे।
उल्लेखनीय है कि 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक आत्मघाती हमले में उनकी हत्या कर दी गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर मैं हमारे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ेगे ने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि राजीव गांधी- भारत के एक महान सपूत ने लाखों भारतीयों में आशा की किरण जगाई। उनके दूरदर्शी और साहसी हस्तक्षेपों ने भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें मतदान की आयु घटाकर 18 वर्ष करना, पंचायती राज को मजबूत करना, दूरसंचार और आईटी क्रांति का नेतृत्व करना, कम्प्यूटरीकरण कार्यक्रम लागू करना, निरंतर शांति समझौते सुनिश्चित करना, सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करना और समावेशी शिक्षा पर केंद्रित नई शिक्षा नीति पेश करना शामिल है।