भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर राहुल गांधी के बयान पर पीयूष गोयल का पलटवार, कहा-चीन के साथ एफटीए कर किया था पाप.
नई दिल्ली। भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर राहुल गांधी की टिप्पणी पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस डील को लेकर देश को गुमराह करने या भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
गोयल ने कहा कि राहुल गांधी ने 2012 में चीन के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) करने का पाप किया था। पीएम मोदी ने इसे सुधारा है। राहुल गांधी नकारात्मक सोच के व्यक्ति हैं और दोहरा रवैया दिखाते हैं। उल्लेखनीय है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भयंकर दबाव में हैं, इसलिए उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किया है। कांग्रेस सासंद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हिंदुस्तान के किसानों को यह समझना चाहिए कि इस समझौते में आपकी मेहनत और खून-पसीने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेच दिया है।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा क राहुल गांधी का अमेरिकी व्यापार समझौते पर देश को गुमराह करने की कोशिश अफसोस की बात, उनका भारत की प्रगति से कोई लेना-देना नहीं है। भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील में कृषि और डेयरी के संवेदनशील क्षेत्रों के हितों की रक्षा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस समझौते में पशुपालन, कृषि और डेयरी क्षेत्रों के हितों का ध्यान रखा है।