बीड़ी से बिहार में आग लगाने वाले केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रमुख का इस्तीफा, चुनाव में नुकसान के डर से लीपापोती में जुटी पार्टी.
नई दिल्ली। केरल कांग्रेस के बिहार पर बीड़ी वाले पोस्ट ने सियासत में आग लगा दी है। इसी साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में नुकसान के डर से कांग्रेस ने अब मामले में लीपापोती शुरू कर दी है। पार्टी ने पोस्ट को हटा दिया और सार्वजनिक माफी भी मांगी है। इस विवाद के बीच केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया हेड वीटी बालराम ने इस्तीफा दे दिया है।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने स्वीकार किया कि पोस्ट करने में गलती और लापरवाही हुई। उन्होंने एक टीवी चैनल से बातचीत में बताया कि पार्टी की सोशल मीडिया टीम ने बिना सतर्कता के यह टिप्पणी प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी थी। सनी जोसेफ ने बताया कि पोस्ट हटा दी गई है। जिम्मेदार शख्स सोशल मीडिया हैंडल के एडमिन और ऑपरेटर ने माफी मांगी और पोस्ट हटाई। कांग्रेस इसका समर्थन नहीं करती।
भाजपा और जदयू ने की थी आलोचना
बिहार के उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने इस पोस्ट को पूरे बिहार का अपमान बताया था। सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा था कि सबसे पहले हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान। यही है कांग्रेस की सच्चाई, जो देश के सामने बार-बार उजागर हो रही है। जदयू के सदस्य संजय कुमार झा ने भी इसे कांग्रेस द्वारा एक और शर्मनाक कदम बताया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा था किक कांग्रेस फिर से सीमा पार कर गई। पीएम नरेंद्र मोदी जी की माता को गाली देने के बाद अब बिहार को बीड़ी से जोड़ती है! क्या तेजस्वी यादव इसका समर्थन करते हैं?
तेजस्वी यादव ने भी की थी माफी की मांग
कांग्रेस की सहयोगी पार्टी राजद के नेता तेजस्वी यादव ने भी माफी मांगने की मांग कर दी थी। तेजस्वी यादव से जब केरल कांग्रेस द्वारा बिहार और बीड़ी की तुलना करने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि हम पोस्ट देखे नहीं हैं तो कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सकते हैं, लेकिन बिहार को लेकर कोई आपत्तिजनक बातें कही है तो जरूर माफी मांगनी चाहिए। बिहार कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता भी इस पोस्ट से नाराज थे। बिहार के नेताओं की नाराजगी के कारण कांग्रेस पर दबाव बढ़ता जा रहा था। यही वजह है कि अब कांग्रेस ने इस मामले को ठंडा करने की कोशिश शुरू कर दी है।
बीड़ी से की थी बिहार की तुलना
केरल कांग्रेस के एक्स हैंडल से हुए इस दो लाइन के पोस्ट ने इतना बड़ा बवाल मचाया कि अब पूरी सोशल मीडिया टीम को बदलने की बात कही जा रही है। पोस्ट में लिखा था-बीड़ी और बिहार दोनों 'B' से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।