जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा-लाइफ सपोर्ट पर है इंडिया गठबंधन, कभी भी आईसीयू में जाने का खतरा.
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बयान ने सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने शनिवार को कहा कि विपक्षी इंडिया ब्लॉक फिलहाल लाइफ सपोर्ट पर है। अंदरूनी कलह और भाजपा की चौबीसों घंटे चलने वाली चुनावी मशीन का मुकाबला करने में नाकाम रहने के कारण उसके आईसीयू में जाने का खतरा है।
दिल्ली में एक कार्यक्रम में हाल ही में हुए बिहार चुनावों के बाद इंडिया ब्लॉक की मौजूदा हालत के बारे में बात करते हुए, अब्दुल्ला ने कहा कि हम एक तरह से लाइफ सपोर्ट पर हैं। कभी-कभी कोई अपने पैडल निकालता है और हमें थोड़ा झटका देता है और हम फिर से उठ जाते हैं। फिर, दुर्भाग्य से, बिहार जैसे नतीजे आते हैं, और हम फिर से नीचे गिर जाते हैं, और फिर किसी को हमें आईसीयू में ले जाना पड़ता है। उमर अब्दुल्ला ने नीतीश कुमार के एनडीए में लौटने के लिए इंडिया ब्लॉक को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि हमने नीतीश कुमार को वापस एनडीए की गोद में धकेल दिया। उन्होंने गठबंधन के एक साथ मिलकर काम न कर पाने की बात भी कही और बताया कि राज्य में पार्टी की मौजूदगी के बावजूद बिहार में सीट-शेयरिंग अरेंजमेंट से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) को जानबूझकर बाहर रखा गया। अब्दुल्ला ने भाजपा के चुनावी प्रबंधन की भी बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी टीम द्वारा अपनाए गए 24x7 राजनीति के मॉडल पर जोर दिया। उन्होंन कहा कि जैसे ही एक चुनाव खत्म होता है, वे पहले ही अगले इलाके में पहुंच जाते हैं।