पीएम मोदी और उनकी मां के एआई वीडियो के मामले में कांग्रेस आईटी सेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज, भाजपा ने की शिकायत.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी की एआई वीडियो बनाकर उसे वायरल करने के मामले में कांग्रेस आईटी सेल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दिल्ली भाजपा के चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक संकेत गुप्ता की शिकायत पर नॉर्थ एवेन्यू थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि 10 सितंबर 2025 को शाम 6:12 बजे कांग्रेस की आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (आईएनसी बिहार) से एक्स हैंडल पर एक एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो जारी किया गया। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस और बिहार कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े नेताओं के खिलाफ केस दर्ज या है। इस वीडियो में पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां की छवि को गलत तरीके से दिखाया गया था। भाजपा का कहना है कि यह वीडियो न केवल प्रधानमंत्री की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए बनाया गया, बल्कि महिला गरिमा और मातृत्व का भी अपमान है। शिकायत में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम मोदी की मां को अपशब्द कहने के मामले का जिक्र किया गया है।