20 जनवरी को BJP को मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नबीन बनेंगे सबसे युवा अध्यक्ष.
20 जनवरी को BJP को मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नबीन बनेंगे सबसे युवा अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने वाला है। पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चला आ रहा इंतजार 20 जनवरी को खत्म हो जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए 19 जनवरी को नामांकन दाखिल किए जाएंगे और 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा होगी। बीते महीने कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नबीन का निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। उनके अध्यक्ष बनने पर वह भाजपा के इतिहास में अब तक के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे, जिसे पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव के बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। उसी दिन शाम 4 से 5 बजे तक नामांकन की जांच होगी और इसके बाद शाम 5 से 6 बजे के बीच नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि एक से अधिक नामांकन होते हैं, तो 20 जनवरी को मतगणना के बाद नए अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। हालांकि, पार्टी के इतिहास में अब तक कभी अध्यक्ष पद के लिए मतदान की स्थिति नहीं बनी है।
सबसे कम उम्र के भावी अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्वाचन के जरिए पार्टी बड़ा राजनीतिक संदेश देना चाहती है। इसी वजह से भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता नितिन नबीन के प्रस्तावक होंगे।