भाजपा के फायर ब्रांड विधायक टी राजा सिंह ने दिया इस्तीफा, पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से चल रही थी अनबन.
हैदराबाद। हमेशा अपने बयानों से विवादों में रहने वाले भाजपा के फायर ब्रांड नेता और तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पिछले कुछ समय से तेलंगाना पार्टी नेतृत्व के साथ उनका विवाद चल रहा था।
बताया जाता है कि एन रामचंद्र राव को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के फैसले को लेकर वे पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। राजा सिंह ने इस इस्तीफे को लाखों कार्यकर्ताओं की आवाज बताते हुए कहा कि यह फैसला उनके लिए दर्दनाक है, लेकिन आवश्यक था। भाजपा तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष जी किशन रेड्डी को लिखे पत्र में कहा टी राजा ने कहा कि एन रामचंद्र राव की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में गहरी निराशा फैली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने केंद्रीय नेतृत्व को गुमराह करके यह फैसला करवाया है, जो पार्टी के हितों के बजाय व्यक्तिगत स्वार्थ से प्रेरित है।
तेलंगाना के नेतृत्व पर लगाया आरोप
टी राजा सिंह ने कहा कि तेलंगाना में बीजेपी सरकार बनाने के कगार पर थी, लेकिन गलत नेतृत्व के चयन से यह मौका हाथ से निकलता दिख रहा है। राजा सिंह ने अपने सार्वजनिक बयान में स्पष्ट किया कि वह बीजेपी छोड़ने के बावजूद हिंदुत्व के विचार और गोशामहाल के लोगों की सेवा को लेकर प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि मेरा यह कदम विचारधारा के खिलाफ नहीं, बल्कि नेतृत्व के फैसलों के खिलाफ है. मैं हिंदू समुदाय के साथ और मजबूती से खड़ा रहूंगा।